

अनिल साहू
मनमोहक झांकियां, डांडिया नृत्य और फूलों की होली मुख्य आकर्षण
23वें वार्षिक उत्सव की तैयारियां पूर्ण
सूरजपुर/ बिश्रामपुर। श्री नवयुवक दुर्गा मंडल, बिश्रामपुर द्वारा आयोजित 23 वां वार्षिक उत्सव इस वर्ष भी श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया जाएगा। उत्सव के अवसर पर मंगलवार, 17 नवंबर को रात्रि 8:15 बजे से बस स्टैंड स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर परिसर में भव्य एवं दिव्य माँ भगवती जागरण और भजन संध्या का आयोजन किया गया है।
जागरण में मुख्य आकर्षण जबलपुर के प्रसिद्ध जय मातेश्वरी जागरण ग्रुप द्वारा प्रस्तुत माँ भगवती की आकर्षक एवं मनमोहक झांकियां होंगी। इन झांकियों के माध्यम से माता रानी के विभिन्न दिव्य स्वरूपों की मनोरम छटा देखने को मिलेगी। वहीं सुप्रसिद्ध भजन गायकों की मधुर भजन प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर करेंगी।
आयोजन को और भी यादगार बनाने के लिए माता की चुनरी भेंट, अखंड ज्योत प्रज्वलन, डांडिया नृत्य एवं फूलों की होली जैसे विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। संपूर्ण कार्यक्रम चंद्रेश महाराज के पावन सानिध्य में संपन्न होगा।
मंडल द्वारा आयोजन को भव्य स्वरूप देने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। श्री नवयुवक दुर्गा मंडल ने समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों से सपरिवार उपस्थित होकर माँ भगवती के दर्शन, भजन-कीर्तन एवं दिव्य झांकियों का आनंद लेने तथा माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।
आयोजन में सक्रिय सहभागिता में मंडल के साथी राकेश अग्रवाल, अजय मित्तल, अरविन्द मित्तल, मनोज मित्तल, सुनील अग्रवाल, रतन गर्ग, शंकर अग्रवाल, संदीप सिंघल, दीपक गोयल, अजय अग्रवाल, अंकुर अग्रवाल, राजेश सोनी, चाहत अग्रवाल, अभिनव मित्तल, नेहल अग्रवाल, क्षितिज चंदेल, सजल मित्रा, सक्षम महोबिया सहित मंडल के समस्त सदस्य आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।




