

अनिल साहू
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा पर रेणुका नदी घाट में दिखा श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम
सूरजपुर। लोक आस्था, सूर्य उपासना और अटूट श्रद्धा के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर सूरजपुर में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। छठी मैया की आराधना और भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ छठ घाटों पर उमड़ी। व्रती महिलाओं एवं पुरुषों ने पूरी श्रद्धा और पवित्रता के साथ छठी मैया की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं संतान की मंगलकामना की।
इसी पावन अवसर पर श्री सावरिया सेठ सेवा समिति सूरजपुर द्वारा सामाजिक एवं धार्मिक सेवा की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए तीन सवामणी ठेकुआ महाप्रसाद का भव्य आयोजन किया गया। समिति एवं सहयोगियों के सामूहिक प्रयास से छठी मैया के श्रीचरणों में तीन सवामणी ठेकुआ महाप्रसाद अर्पित किया गया। इसके पश्चात रेणुका नदी स्थित छठ घाट पर श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। महाप्रसाद ग्रहण कर श्रद्धालुओं ने छठी मैया के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की।

दो सवामणी से तीन सवामणी तक पहुंचा सेवा का संकल्प
उल्लेखनीय है कि श्री सावरिया सेठ सेवा समिति द्वारा पिछले वर्ष दो सवामणी ठेकुआ महाप्रसाद का भोग लगाया गया था, लेकिन इस वर्ष समिति के सदस्यों और सहयोगियों के उत्साह, समर्पण एवं आर्थिक सहयोग से यह आयोजन बढ़कर तीन सवामणी तक पहुंच गया। यह केवल प्रसाद वितरण का आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, धार्मिक आस्था और सामूहिक सेवा भावना का भी सुंदर उदाहरण बना।

सेवा और समर्पण ही समिति की पहचान : हर्ष कुमार गुप्ता
समिति के व्यवस्थापक हर्ष कुमार गुप्ता ने कहा कि सभी सदस्यों एवं सहयोगियों की मेहनत, निष्ठा और समर्पण के कारण यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सका। उन्होंने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समिति भविष्य में भी धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों में इसी तरह अग्रणी भूमिका निभाती रहेगी। देवगढ़ धाम सहित अन्य धार्मिक आयोजनों एवं भंडारों में भी समिति सेवा के लिए सदैव तत्पर रहेगी।

इन सदस्यों एवं सहयोगियों का रहा विशेष योगदान
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में समिति के सदस्य संदीप पटेल, सूरज सोनी उर्फ चालू, सूरज सोनी, मनोज गुप्ता, मनोज साहू, साहिल गुप्ता, रविकांत कसेरा, प्रियांशु सोनी, विशाल गुप्ता (बिस्सू), विकास गुप्ता (बंटी), आदर्श गुप्ता सहित समिति के संरक्षक एवं पूर्व पार्षद राजेश कुमार गुप्ता, पार्षद गैबीनाथ साहू, राजेश सोनी, राजेश अलंकार एवं पूर्व सांसद प्रतिनिधि विशाल कुमार गुप्ता का विशेष सहयोग एवं योगदान रहा।
अंत में श्री सावरिया सेठ सेवा समिति ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों, दानदाताओं, सहयोगियों एवं श्रद्धालुओं के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। समिति ने कहा कि समाज में धार्मिक आस्था के साथ सेवा, सहयोग और भाईचारे की भावना को मजबूत करना ही ऐसे आयोजनों का मुख्य उद्देश्य है।




